क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खबर है। ICC ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। भारत अपने अभियान की शुरुआत 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगा। दोनों टीमों के बीच मुकाबला केपटाउन में खेला जाएगा। इसके ठीक तीन दिन बाद 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। यानी टूर्नामेंट के शुरुआती दौर में ही क्रिकेट फैंस को भारत के दो बड़े मुकाबले देखने को मिलेंगे। भारत ग्रुप-A में ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान, अफगानिस्तान, जिम्बाब्वे और एक क्वालिफायर टीम के साथ है।
2027 का वनडे वर्ल्ड कप 2 अक्टूबर से शुरू होगा और 21 नवंबर को जोहान्सबर्ग में फाइनल खेला जाएगा। टूर्नामेंट की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर करेंगे और इसमें 14 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत 14 अक्टूबर को अफगानिस्तान, 17 अक्टूबर को क्वालिफायर टीम और 24 अक्टूबर को जिम्बाब्वे के खिलाफ ग्रुप स्टेज मुकाबले खेलेगा। ग्रुप स्टेज के बाद नई Super 7 फेज होगी, जिसमें सात टीमें आगे बढ़ेंगी। इसके बाद सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले होंगे। ICC के मुताबिक भारत-पाकिस्तान का ग्रुप स्टेज मुकाबला 10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में होगा, जबकि 2027 वर्ल्ड कप का फाइनल भी इसी शहर में खेला जाएगा।