उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी है. शनिवार के लिए मौसम विभाग ने भारी बारिश की संभावना को देखते हुए अलर्ट जारी किया है. इस बीच हेमकुंड साहिब में भारी बर्फबारी हो रही है. यहां शुक्रवार की रात से बर्फबारी का सिलसिला जारी है…अभी तक 2 इंच बर्फ जम चुकी है. साथ ही हेमकुंड साहिब में पारा शून्य से नीचे लुढ़कने लग गया है. ऐसे में शनिवार को हेमकुंड साहिब आने वाले सिख यात्रियों को जबरदस्त सर्दी का अहसास दिलाएगा.
वहीं सिख यात्रियों को बर्फ से लकदक हेमकुंड साहिब का खूबसूरत नजारा देखने का मौका मिलेगा. 15,225 फीट की ऊंचाई पर स्थित हेमकुंड साहिब में सुबह से बर्फबारी के चलते बर्फ जमने लग गई है. हेमकुंड यात्रा के केवल 2 दिन ही बचे हैं और अभी भी बर्फबारी का सिलसिला जारी है. बर्फ के चलते हेमकुंड साहिब का नजारा बेहद खुबसूरत लग रहा है…. यहां पहुंचे यात्री और पर्यटक इस खूबसूरत नजारों को देख अभिभूत हो रहे हैं.
आपको बता दें कि इस साल 10 अक्टूबर को हेमकुंड साहिब के कपाट बंद हो रहे हैं और अब तक 2 लाख 21 हजार सिख यात्री हेमकुंड सरोवर में आस्था की डुबकी लगाकर दरबार साहिब में मत्था टेक चुके हैं. हेमकुंड साहिब सिखों का सबसे पवित्र और सबसे ऊंचा तीर्थ स्थल है.