हरियाणा के हिसार जिले के हांसी शहर में सुबह हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। फव्वारा चौक के पास बाइक सवार बदमाशों ने जिम संचालक कपिल की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। हमलावरों ने महज 5 सेकेंड के भीतर करीब 10 राउंड फायर किए, जिनमें कई गोलियां कपिल के सिर और पीठ में लगीं। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना उस समय हुई जब कपिल सुबह करीब 5:30 बजे चौक के पास युवक-युवतियों को एक्सरसाइज और वार्म-अप करवा रहा था।
इसी दौरान हेलमेट पहने बाइक सवार हमलावर वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान शिखा नाम की एक युवती भी छर्रे लगने से घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, CIA और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक कपिल जींद जिले के दलम वाला गांव का रहने वाला था और कई वर्षों से हांसी में जिम संचालित कर रहा था। बताया जा रहा है कि उसकी कुछ समय पहले ही लव मैरिज हुई थी।इस हत्याकांड में उस समय बड़ा मोड़ आ गया जब कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से गैंगस्टर हरि बॉक्सर के नाम से एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
वायरल ऑडियो में कपिल की हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया गया कि कपिल का नाम पहले हुई कुछ फायरिंग की घटनाओं से जुड़ा हुआ था। ऑडियो में यह भी कहा गया कि उसे पहले चेतावनी दी गई थी, लेकिन उसने बात नहीं मानी। हालांकि,पुलिस और मीडिया संस्थानों ने वायरल ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद हांसी शहर में भय और तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।देश के अलग-अलग हिस्सों से लगातार सामने आ रही हत्या, फायरिंग और गैंगवार की घटनाएं कई गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।ऐसी घटनाओं के बाद लोगों के मन में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या अपराधियों के दिल से पुलिस और कानून का डर खत्म हो गया है?
आखिर क्यों अपराधी खुलेआम हत्या जैसी वारदातों को अंजाम देने का साहस कर रहे हैं?हालांकि पुलिस हर मामले में जांच और कार्रवाई का दावा करती है, लेकिन बढ़ते अपराध यह संकेत देते हैं कि कानून का खौफ बनाए रखने के लिए और सख्त कदम उठाने की जरूरत है। क्योंकि जब अपराधी सरेआम गोलियां चलाने लगें, तो यह केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं बल्कि समाज की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती होती है।