उत्तराखंड की राजनीति से एक दुखद खबर सामने आई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट का हार्ट अटैक के कारण निधन हो गया। उनके निधन से प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है। हीरा सिंह बिष्ट उत्तराखंड की राजनीति के अनुभवी नेताओं में गिने जाते थे। उन्होंने लंबे समय तक कांग्रेस संगठन और जनसेवा में सक्रिय भूमिका निभाई। अविभाजित उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में अपनी सेवाएं दीं।
उनके निधन की खबर मिलते ही कांग्रेस सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया। नेताओं ने उन्हें जनता से जुड़ा, सरल और अनुभवी जनप्रतिनिधि बताते हुए उनके योगदान को याद किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रीतम सिंह, डॉक्टर हरक सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना समेत पार्टी के कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया।