उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 जिलों में अचानक बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड का खतरा बताया है। मौसम विभाग के अनुसार, 11 अगस्त की शाम 5:30 बजे तक इन जिलों के कुछ इलाकों में कम से मध्यम स्तर की फ्लैश फ्लड आ सकती है।
इन जिलों में अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पौड़ी गढ़वाल शामिल हैं।
बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरने और तेज बहाव की स्थिति बन सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन के साथ नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने का खतरा भी बना हुआ है।
सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सभी जिलों को संवेदनशील इलाकों पर नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत-बचाव शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने लोगों से भी नदी-नालों और संवेदनशील इलाकों से दूरी बनाए रखने और मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।