देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है, जहां देर रात शराब के ठेके के बाहर हुई फायरिंग से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद अचानक गोलियां चल गईं। इस फायरिंग में दो लोग घायल हो गए। एक युवक की छाती में छर्रा लगा, जबकि दूसरे के पैर में गोली लगी। घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, और फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
वारदात से नाराज स्थानीय लोगों ने सड़क पर धरना देकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फायरिंग की असली वजह का पता लगाया जा सके। देहरादून में हुई इस घटना ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच में क्या सामने आता है और इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।