आर्यभट्ट प्रेक्षण विज्ञान शोध संस्थान (एरीज) के खगोल वैज्ञानिकों ने ओखलकांडा ब्लॉक के देवस्थल में चार मीटर व्यास वाली पहली इंटरनेशनल लिक्विड मिरर टेलीस्कोप स्थापित करने में सफलता हासिल की है। इसकी स्थापना में भारत समेत बेल्जियम, कनाडा, पौलैंड और उज्बेकिस्तान ने सहयोग किया है। तमाम देशों की इस संयुक्त परियोजना की लागत लगभग 50 करोड़ बताई गई है।

एरिज के निदेशक प्रो दीपांकर बनर्जी ने गुरुवार को पत्रकार वार्ता में दूरबीन के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में इस लिक्विड मिरर दूरबीन का निर्माण शुरू किया गया था। इसके निर्माण में पाल हिक्सन जैसे दुनिया के प्रसिद्ध खगोल विशेषज्ञों की मदद ली गई। बताया कि दूरबीन की स्थापना के बाद पहले चरण में ही 95 हजार प्रकाश वर्ष दूर एनजीसी 4274 आकाश गंगा की साफ तस्वीर लेकर एरीज ने एक कीर्तिमान स्थापित किया है। यही नहीं आकाशगंगा मिल्की-वे के तारों को भी आसानी से कैमरे में कैद करने में सफलता मिली है।
अंतरिक्ष की गतिविधियों पर रहेगी नजर
इस दूरबीन की मदद से अंतरिक्ष में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि एरीज के पास 3.6 मीटर की ऑप्टिकल दूरबीन भी मौजूद है। इन दोनों दूरबिनो से आसमान में होने वाली गतिविधि की पुष्टि की जा सकती हैं, या फिर एक ही स्थान से सटीक जानकारी जुटाई जा सकती है।

टेलीस्कोप से नए ग्रहों नक्षत्रों की खोज है संभव
टेलीस्कोप से अंतरिक्ष में होने वाले दो वस्तुओं के बीच के ट्रांजिट यानी पारगमन का सटीक डाटा मिल सकेगा। बड़े तारों में होने वाले सुपरनोवा का पता लग सकेगा। आकाशगंगाओं के आकार में होने वाले परिवर्तन की जानकारी मिल सकेगी। यूएफओ व आकाश में उड़ने वाली वस्तुओं के अलावा उल्कावृष्टि जैसी घटनाओं को कैमरे में कैद कर सकेगा। नए ग्रहों नक्षत्रों को खोज सकेगा। किसी भी तारे के घनत्व, तापमान व अन्य बारीक जानकारी जुटाने में मददगार साबित होगा।

मरकरी के तरल पदार्थ से बनती है लिक्विड मिरर दूरबीन
लिक्विड मिरर दूरबीन में तरल पदार्थ के जरिए ब्रह्मांड के तारों समेत ग्रह नक्षत्रों की तस्वीर ली जा सकती है। यह तरल पदार्थ मरकरी होता है। जिसमें एक कैमरा लगा होता है। आसमान के एक ही हिस्से के ऑब्जेक्ट्स की तस्वीर लेने में कारगर साबित होता है। साथ ही ऑब्जेक्ट्स में होने वाले बदलावों के बारे में पता इस दूरबीन के जरिए चल सकता है।
कहां है देवस्थल
देवस्थल नैनीताला जिले में धाना-चूली के पास और एरीज नैनीताल से करीब 60 किलोमीटर की दूरी पर स्थित एक पर्वत शिखर है। नैनीताल के मनोरा पीक से इसकी दूरी लगभग 22 किमी है। खगोलीय घटनाओं पर नजर रखने और अध्ययन के लिए 1980 – 2001 के दौरान गहन निरीक्षण के बाद इस स्थान का चयन किया गया था।

Date : 03-May-2022
Penned by Reeta Joshi