बीजेपी सांसद रीता बहुगुणा जोशी ने अपने पिता व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा पर एक किताब लिखी है | उनकी यह किताब लोकार्पण से पहले ही विवादों में घिर गई है | दरअसल रीता जोशी ने अपनी इस किताब में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर जमकर निशाना साधा है और उनकी कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े किये हैं और आरोप लगाया है कि इंदिरा गांधी उनके पिता हेमवती नंदन बहुगुणा के सियासी कद और लोकप्रियता से घबराती थीं |किताब में दावा किया गया है कि इंदिरा को इस बात का डर था कि एच एन बहुगुणा उन्हें हटाकर देश के प्रधानमंत्री बन सकते हैं | इसी वजह से कई बार उनके पिता के खिलाफ साजिशें भी रचीं गईं |
रीता जोशी ने अपनी इस किताब में मिलेनियम स्टार अमिताभ बच्चन को गांधी परिवार का सियासी मोहरा बताया है|अमिताभ बच्चन पर कोई टिप्पणी करने के बजाय उन्हें बेचारा करार दिया है|किताब के ज़रिये पूर्व प्रधानमंत्री विश्वनाथ प्रताप सिंह की सियासी समझ पर भी सवाल उठाए गए हैं|
लोकार्पण के बाद किताब जब सामने आएगी, तब राजनीतिक घमासान और भी बढ़ सकता है| वैसे दबे जुबान चर्चा यह भी हो रही है, कि कांग्रेस छोड़कर बीजेपी की सियासत कर रही बीजेपी सांसद डॉ रीता बहुगुणा जोशी अपनी इस किताब के बहाने सियासी तीर चलाकर इसका फायदा भी लेना चाहती हैं | किताब को लिखने में रीता जोशी की मदद करने वाले वरिष्ठ पत्रकार डॉ. राम नरेश त्रिपाठी अब इस दुनिया में नहीं रहे, कोरोना की चपेट में आने से तकरीबन साल भर पहले उनका निधन हो चुका है|
Date: 23-अप्रैल-2022
Penned by Reeta joshi