प्रश्न के विकल्प में ‘पंडित’ शब्द पर मचा विवाद, मनोज मुंतशिर ने जताई नाराज़गी

प्रश्न के विकल्प में ‘पंडित’ शब्द पर मचा विवाद, मनोज मुंतशिर ने जताई नाराज़गी
By New31 Uttarakhand

उत्तर प्रदेश पुलिस सब-इंस्पेक्टर (दरोगा) भर्ती परीक्षा 2026 के पहले ही दिन एक सवाल को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। 14 मार्च को आयोजित परीक्षा के हिंदी खंड में पूछे गए एक प्रश्न के विकल्प में ‘पंडित’ शब्द शामिल होने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी बहस शुरू हो गई है।

क्या था सवाल?

वायरल हो रहे प्रश्नपत्र के अनुसार हिंदी खंड में एक प्रश्न पूछा गया था—
‘अवसर के अनुसार बदल जाने वाला क्या कहलाता है?’

बताया जा रहा है कि इस प्रश्न के विकल्पों में ‘पंडित’ शब्द भी शामिल था। जैसे ही यह प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, कई लोगों ने इसे ब्राह्मण समाज के प्रति आपत्तिजनक बताते हुए विरोध जताया।

सोशल मीडिया पर तेज हुई बहस

प्रश्नपत्र सामने आने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर इस मुद्दे को लेकर बहस छिड़ गई। कई यूजर्स ने प्रश्न तैयार करने वालों पर सवाल उठाए, वहीं कुछ लोगों ने इसे परीक्षा की गंभीरता के खिलाफ बताया।

मनोज मुंतशिर का बयान

मशहूर भारतीय गीतकार मनोज मुंतशिर ने भी इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए परीक्षा में पूछे गए इस प्रश्न पर आपत्ति जताई।

उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा—

“दरोगा भर्ती परीक्षा में पूछा गया है ‘अवसर के अनुसार बदल जाने वाला क्या कहलाता है’ और ऑप्शन में ‘पंडित’ लिखा है।

ये प्रश्नपत्र जिसने भी तैयार किया है, सरकार उसे फौरन दण्डित और निलंबित नहीं करती, तो इस देश के हर सवर्ण और ब्राह्मण को स्पष्ट संकेत जाएगा कि सत्ता में हमारी सुनने वाला कोई नहीं है।

समस्त सवर्णों की ओर से मैं अपनी खुली नाराजगी दर्ज करवाता हूं और जान-बूझकर किए गए इस निंदनीय कृत्य की घोर भर्त्सना करता हूं।”

सरकार और आयोग से कार्रवाई की मांग

इस मामले को लेकर कई लोगों ने परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी और राज्य सरकार से जांच की मांग की है। उनका कहना है कि प्रश्नपत्र तैयार करते समय सामाजिक संवेदनशीलता का ध्यान रखा जाना चाहिए।

अभी तक आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं

हालांकि, इस पूरे विवाद पर परीक्षा आयोजकों या राज्य सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। लेकिन सोशल मीडिया पर बढ़ते विवाद के कारण यह मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है।

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.