कॉमेडी इंडस्ट्री के मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव अब इस दुनिया में नहीं रहे| कॉमेडियन और अभिनेता राजू श्रीवास्तव का आज बुधवार को निधन हो गया है| वे 10 अगस्त को दिल का दौरा पड़ने के बाद से एम्स में भर्ती थे जिसके बाद उनका इलाज चल रहा था| राजू श्रीवास्तव 58 साल के थे| उन्हें उस समय हार्ट अटैक आया था, जब वो दिल्ली के एक जिम में एक्सरसाइज कर रहे थे|
कानपुर के रहने वाले राजू श्रीवास्तव का असली नाम सत्य प्रकाश श्रीवास्तव था और वो गजोधर भैया के नाम से पर्दे पर मशहूर थे| उनका जन्म 25 दिसंबर 1963 को हुआ था. श्रीवास्तव अपने अभिनय से सभी को खूब हंसाते थे| बता दें कि हॉस्पिटल में एडमिट करवाने के बाद से ही राजू श्रीवास्तव की हालत नाजुक बनी हई थी| कॉमेडियन को पहले आईसीयू में एडमिट करवाया गया था, लेकिन तबीयत में कोई सुधार ना होने के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट कर दिया गया| भरपूर कोशिश के बाद भी डॉक्टर्स राजू श्रीवास्तव को बचा नहीं पाए और सबको हंसाने वाले कॉमेडियन सबको रुलाकर हमेशा के लिए इस दुनिया से चले गए|