मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज टनकपुर गांधी मैदान में रैली को संबोधित करेंगे। सुबह वे बनबसा मिनी स्टेडियम में बनाए गए अस्थायी हेलीपेड में उतरने के बाद रोड शो के जरिए टनकपुर पहुंचेंगे। जिसके बाद वे सीधे गांधी मैदान जाएंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। अपरान्ह 3:30 बजे मुख्यमंत्री टनकपुर स्टेडियम से हेलीकाफ्टर द्वारा देहरादून रवाना हो जाएंगे।
निर्वतमान विधायक कैलाश गहतोड़ी भी बनबसा से सीएम के साथ रोड शो में हिस्सा लेंगे। उप चुनाव में विधायक द्वारा मुख्यमंत्री के लिए सीट छोड़ने के बाद सीएम की विधान सभा क्षेत्र में यह पहली और बड़ी जनसभा होगी। बुधवार की शाम सीएम के चम्पावत दौरे का सरकारी कार्यक्रम पहुंचने के बाद प्रशासन ने बनबसा और टनकपुर में सुरक्षा कड़ी कर दी है। जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी बुधवार शाम ही टनकपुर पहुंच गए थे। संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं पुलिस प्रशासन से उन्होंने सीएम की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसपी देवेंद्र पींचा ने बताया कि सीएम की सुरक्षा के लिए चम्पावत के अलावा पिथौरागढ़, नैनीताल, अल्मोड़ा और यूएस नगर से फोर्स पहुंच गई है। इधर जनसभा को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत झोंक दी |
Date : 27-अप्रैल-2022
Penned by Reeta joshi