बता दें की लोकतंत्र के नए मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा हो चुकी है और देश को नया संसद भवन मिल चुका है। मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान से पूजा हुई और पीएम ने इसका उद्धाटन किया। कई मायनों में नया संसद भवन देश के लिए पिछले संसद भवन से खास है। कुछ समय पहले पीएम ने एक वीडियो जारी करके उसपर वॉइसओवर करने के लिए कहा था। इसमें कई लोगों ने हिस्सा लिया जिसमें सेलिब्रिटीज और सुपरस्टार भी पीछे नहीं रहे। जहां वीडियो पर शाहरुख खान ने अपना वॉइसओवर दिया वहीं इसपर और भी तमाम सितारों ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। अक्षय कुमार ने संसद भवन का वीडियो साझा कर अपनी आवाज में उसपर वॉइसओवर किया है। वीडियो के साथ अभिनेता ने कैप्शन में लिखा, संसद के इस शानदार नए भवन को देखकर गर्व होता है। यह सदैव भारत की विकास गाथा का प्रतिष्ठित प्रतीक बना रहे। वहीं हेमा मालिनी ने बीते दिन वीडियो साझा कर लिखा, नए संसद भवन के लोकार्पण के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न्याय व निष्पक्षता के प्रतीक तथा धार्मिक व सांस्कृतिक धरोहर पवित्र सेंगोल को ग्रहण कर नए भवन में इसकी स्थापना देश के लिए सम्मान और गौरव का विषय है।
वहीं शाहरुख खान ने वीडियो साझा कर कहा, यह नया घर इतना बड़ा है कि इसमें देश के हर राज्य, हर प्रदेश, गांव-शहर और कोने-कोने के लिए जगह बन सके। इस घर की बाहें इतनी चौड़ी हों कि देश के हर जाति-प्रजाति और धर्म को प्यार कर सकें। इसकी नजर इतनी गहरी हो कि देश के हर नागरिक को देख सके। जहां सत्यमेव जयते का नारा सिर्फ एक स्लोगन नहीं बल्कि विश्वास हो। जहां अशोक चक्र का हाथी-घोड़ा और खंबा सिर्फ एक लोगो नहीं बल्कि हमारा इतिहास हो। वहीं मनोज मुंतशिर ने भी इस वीडियो पर वॉइसओवर कर कहा- मेरी आंखों में ऐसा दिखता है नया संसद भवन। नए संसद भवन के उद्धाटन पर खुशी जताते हुए अमिताभ बच्चन और स्मृति ईरानी ने भी ट्वीट किया है। वहीं अनुपम खेर ने भी कविता लिखकर ट्वीट किया वहीं नए संसद भवन की बात करें तो इसमें लोकसभा में 888 और राज्यसभा में 384 सदस्यों के बैठने की व्यवस्था है। संयुक्त बैठक की स्थिति में लोकसभा कक्ष में ही 1,280 सदस्य बैठ सकते हैं। भवन में तीन मुख्य द्वार हैं। इनके नाम ज्ञान द्वार, शक्ति द्वार और कर्म द्वार हैं। वीआईपी, सांसदों और आगंतुकों के लिए प्रवेश के अलग-अलग द्वार हैं। इसमें एक बड़ा और आलीशान कांस्टीट्यूशन हॉल है, जिसमें भारत की लोकतांत्रिक विरासत को प्रदर्शित किया गया है।