उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR की प्रक्रिया जारी है। इस बीच मतदाताओं के लिए अहम खबर है कि दावे और आपत्तियां दाखिल करने की आखिरी तारीख 13 अगस्त 2026 है। इसके बाद दावे और आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी। हालांकि, दाखिल किए गए दावों और आपत्तियों पर सुनवाई की प्रक्रिया 13 सितंबर तक जारी रहेगी।
SIR के तहत प्रदेश में मतदाता सूची से जुड़ी विसंगतियों को दूर करने के साथ नए मतदाताओं को जोड़ने, नाम हटाने और मतदाता विवरण में संशोधन की प्रक्रिया भी चल रही है। इसके लिए फॉर्म-6 से नया वोट बनवाने, फॉर्म-7 से नाम हटाने और फॉर्म-8 से मतदाता विवरण में संशोधन कराया जा सकता है। वहीं दावे और आपत्तियों के लिए फॉर्म-9, 10 और 11 की प्रक्रिया भी चल रही है। अब तक प्रदेशभर में करीब 70 हजार आपत्तियां सामने आ चुकी हैं, जबकि नए मतदाता बनने के लिए भी बड़ी संख्या में आवेदन मिले हैं।
खास बात यह है कि 13 अगस्त तक नए मतदाता के लिए आवेदन करने वालों का वोट SIR की प्रक्रिया के दौरान ही बनाया जा सकेगा। इसके बाद आने वाले नए आवेदनों पर SIR की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विचार किया जाएगा। इसलिए जिन लोगों ने अभी तक अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने, नाम हटवाने या किसी जानकारी में सुधार के लिए आवेदन नहीं किया है, उनके लिए 13 अगस्त की समयसीमा बेहद अहम है।
वहीं, आपत्तियों की बात करें तो पहाड़ी जिलों की तुलना में मैदानी जिलों में ज्यादा आपत्तियां सामने आ रही हैं। खास तौर पर ऊधम सिंह नगर जिले की जसपुर और काशीपुर समेत कई विधानसभा सीटों में बड़ी संख्या में आपत्तियां दर्ज की गई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, प्राप्त आपत्तियों के आधार पर संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा और इसके बाद निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी यानी ERO मामले में निर्णय लेंगे। किसी एक व्यक्ति के नाम पर पांच से अधिक आपत्तियां आने पर उसकी जांच भी कराई जाएगी।
ऐसे में मतदाता सूची में अपना नाम, पता और अन्य विवरण सही है या नहीं, यह जांचना जरूरी है। 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दाखिल करने का मौका है, जबकि इसके बाद SIR के दौरान नई आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।