महाराष्ट्र के जालना जिले से रसोई गैस की सुरक्षा और आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ा देने वाली खबर सामने आई है। रामनगर इलाके में स्थित आनंद भारत गैस के गोदाम से अज्ञात चोरों ने रात के समय ताला तोड़कर 110 भरे हुए एलपीजी सिलेंडर चोरी कर लिए। चोरी की गई गैस की कुल कीमत लगभग 4.51 लाख रुपये बताई जा रही है।इस घटना ने आम जनता में सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ सरकार बार-बार कह रही है कि राज्य में पर्याप्त गैस उपलब्ध है, वहीं दूसरी तरफ लोग लंबी कतारों में खड़े होकर गैस लेने के लिए परेशान हैं ,मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश में पर्याप्त एलपीजी स्टॉक मौजूद है और लोगों को गैस के लिए कतारों में खड़ा होने की जरूरत नहीं है।सीएम ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह जानबूझकर अफवाहें फैला रही है और जनता में डर पैदा कर रही है।
हालांकि, जनता की परेशानी यहीं समाप्त नहीं होती। पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद लंबी कतारें और बड़ी चोरी यह संकेत देती हैं कि गोदामों की सुरक्षा और वितरण प्रणाली में कमी है। आम लोगों का सवाल है कि पर्याप्त गैस होने के बावजूद इतनी बड़ी चोरी कैसे संभव हुई और क्या यह सिलेंडर समय पर आम जनता तक पहुँच रहे हैं।जालना के मौजपुरी पुलिस स्टेशन में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों ने कहा कि चोरी से फिलहाल जनता की गैस आपूर्ति पर बड़ा असर नहीं पड़ेगा, लेकिन उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील की है।यह घटना स्पष्ट कर देती है कि केवल गैस का स्टॉक होना ही पर्याप्त नहीं है। सुरक्षा व्यवस्था, सही वितरण और पारदर्शिता की कमी के कारण आम लोग परेशान हैं। यही कारण है कि रसोई गैस के लिए कतारें लंबी हैं और जनता में नाराजगी बढ़ रही है।