उत्तरकाशी जिले में आज डुंडा के नाकुरी में शिव मंदिर के पास जल भरने गई महिला और युवती भागीरथी नदी के तेज बहाव में बह गई। भागीरथी नदी में महिला और युवती की खोजबीन जारी है।भागीरथी नदी में महिला और युवती के बहने की सूचना पर मौके पर पहुंची राजस्व विभाग, एनडीआरएफ समेत एसडीआरएफ की टीम ने खोज व बचाव अभियान शुरू कर दिया है, लेकिन भागीरथी नदी के तेज बहाव के कारण दोनों का कुछ सुराग नहीं मिल पाया। अभी भी टीम रेस्क्यू कार्य में लगी हुई है। उत्तरकाशी जिलाधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट ने इन टीमों को पूरी तत्परता और क्षमता के साथ खोज एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। खोज और बचाव अभियान में सहूलियत के लिए जोशियाड़ा बैराज में भागीरथी नदी का पानी रोका गया है।
डुंडा एसडीएम नवाजिश खलीक ने बताया कि सोमवार दोपहर को कुंसी गांव निवासी सोनम पुत्री सोबन सिंह जिसकी उम्र 20 वर्ष) और राजेश्वरी पत्नी जगमोहन सिंह जिसकी उम्र 30 वर्ष नाकुरी के शिव मंदिर के पास भागीरथी नदी से गंगाजल भर रही थी। तभी अचानक पैर फिसलने के कारण दोनों नदी के तेज बहाव में बह गईं। चिन्यालीसौड़ में गोताखोर टिहरी झील में चला रहे सर्च अभियान। उधर, सूचना मिलने पर डुंडा एसडीएम राजस्व विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खोज-बचाव अभियान के लिए मनेरी भाली जल विद्युत परियोजना द्वितीय से नदी का पानी भी रुकवाया. इसके अलावा नाकुरी और आसपास के क्षेत्र में एनडीआरएफ समेत एसडीआरएफ और क्यूआरटी नदी में बही महिला और युवती को ढूंढने का प्रयास कर रही है. वहीं, चिन्यालीसौड़ में एसडीआरएफ की गोताखोर टीम भी टिहरी झील में सर्च अभियान चल रही है।