हरिद्वार में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में चंडीगढ़ के चार कांवड़ियों की गंगनहर में डूबने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 4 बजे चारों युवक ज्वालापुर के जटवाड़ा पुल के पास अपने अन्य साथियों का इंतजार कर रहे थे। गर्मी से राहत पाने के लिए उन्होंने गंगनहर में स्नान करने का फैसला किया। बताया जा रहा है कि उस समय गंगनहर में कीचड़ आने के कारण पानी का नियमित प्रवाह बंद था। नहर के अधिकांश हिस्से में पानी कम था, लेकिन बीच-बीच में गहरे गड्ढे बने हुए थे। चारों युवक रेलिंग पार कर ऐसे ही एक स्थान पर उतर गए। आगे बढ़ते ही वे अचानक गहरे पानी की चपेट में आ गए। एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में चारों डूब गए।
जल पुलिस और गोताखोरों ने घंटों की मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला, लेकिन जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान शिवांशु, नितीश, भरत और रोहित के रूप में हुई है। प्रशासन ने कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल निर्धारित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें।