राहुल गांधी की रैली से पहले बड़ा हादसा,वरिष्ठ कांग्रेस नेता की हुई मौत!

By New31 Uttarakhand

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले एक दुखद हादसा हो गया। कार्यक्रम स्थल सनातन धर्म इंटर कॉलेज, बन्नू रेसकोर्स में तैयारियों के दौरान लोहे का भारी गार्डर गिरने से 65 वर्षीय वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता अमर सिंह मेहता की मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम के लिए मैदान में वाटरप्रूफ टेंट लगाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक एक भारी लोहे का पिलर (गार्डर) असंतुलित होकर सीधे अमर सिंह मेहता के सिर पर गिर गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और मौजूद कार्यकर्ताओं ने उन्हें तत्काल पास के निजी सीएमआई अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अमर सिंह मेहता देहरादून के ब्राह्मणवाला क्षेत्र के निवासी थे और लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े हुए थे। उनके पुत्र भी यूथ कांग्रेस में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इस घटना से कांग्रेस संगठन और स्थानीय कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन की तैयारियों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल घटना के कारणों की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि गार्डर गिरने के पीछे लापरवाही थी या तकनीकी खामी।कांग्रेस के स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अमर सिंह मेहता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें पार्टी का समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता बताया। वहीं, प्रशासन भी मामले की जांच में जुट गया है।

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.