देश के कई हिस्सों में जल्द ही मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके प्रभाव से उत्तर, पश्चिमी और मध्य भारत के कई राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की संभावना है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।वहीं मानसून भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
पिछले चार दिनों में मानसून 12 राज्यों तक पहुंच चुका है। केरल, कर्नाटक, गोवा, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश समेत पूर्वोत्तर के कई राज्यों में मानसून दस्तक दे चुका है। मौसम विभाग का अनुमान है कि जुलाई के पहले सप्ताह तक दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और अन्य राज्यों में भी मानसून पहुंच जाएगा।हालांकि बारिश की संभावना के बीच गर्मी का प्रकोप अभी जारी रहेगा। IMD ने 11 जून तक राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है। कई क्षेत्रों में गर्म और उमस भरा मौसम लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।