उत्तराखंड के मुनस्यारी क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुंदन सिंह बथियाल की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह कांग्रेस नेता राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम रद्द होने के बाद वह वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी अल्मोड़ा जिले के धौलछीना क्षेत्र में उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।जानकारी के अनुसार, हादसा इतना गंभीर था कि कुंदन सिंह बथियाल को बचाया नहीं जा सका और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
दुर्घटना की खबर मिलते ही उनके परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके घर पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।कुंदन सिंह बथियाल लंबे समय से कांग्रेस से जुड़े हुए थे और क्षेत्र की राजनीति व सामाजिक गतिविधियों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने 1980 के दशक में मुनस्यारी के ब्लॉक प्रमुख के रूप में कार्य किया था।
इसके अलावा वह 1990 के दशक में जिला पंचायत सदस्य भी रहे। व्यापारियों की समस्याओं को लेकर भी वह हमेशा मुखर रहे और करीब 20 वर्षों तक नाचनी व्यापार संघ के अध्यक्ष पद पर रहकर व्यापारियों के हितों के लिए संघर्ष करते रहे।उनके निधन से नाचनी, मुनस्यारी और आसपास के क्षेत्रों में गहरा शोक है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बथियाल एक मिलनसार और जनहित के मुद्दों को उठाने वाले नेता थे, जिनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।हादसे के बाद कांग्रेस नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, धारचूला विधायक हरीश धामी, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, जिला पंचायत सदस्य दीपू चुफाल समेत कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने उनके निधन को क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति बताया है।
परिजनों के अनुसार, कुंदन सिंह बथियाल अपने पीछे दो पुत्रों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शुक्रवार को भुजगड़ और रामगंगा नदी के संगम पर पूरे राजकीय और सामाजिक सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और सावधानी के महत्व को उजागर किया है।
स्थानीय लोग प्रशासन से दुर्घटना के कारणों की जांच और सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं। कुंदन सिंह बथियाल के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई देने की तैयारी कर रहे हैं।