विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता के रूप में यशपाल आर्य ने आज विधानसभा में कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के अलावा पांच-सात विधायक मौजूद रहे। बता दें कि रविवार को उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने पदभार ग्रहण कर लिया था। पार्टी में एकता के तमाम दावों के बाद भी स्वागत समारोह में 19 में से 11 विधायक गैर मौजूद रहे। इसकी सियासी गलियारों में खूब चर्चा हो रही है। माहरा के स्वागत कार्यक्रम से वरिष्ठ विधायक प्रीतम सिंह, ममता राकेश, राजेंद्र भंडारी, विक्रम सिंह नेगी, फुरकान अहमद, मयूख महर, मदन सिंह बिष्ट, खुशहाल सिंह अधिकारी, तिलक राज बेहड़, गोपाल सिंह राना और प्रदेश प्रभारी पर खुलकर निशाना साध चुके विधायक हरीश धामी अनुपस्थित रहे।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कार्यभार संभालते ही कहा कि कांग्रेस को जनता ने विपक्ष में बैठने के लिए जो जनाधार दिया गया है , वह उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे | साथ ही उन्होंने कहा कि वह अपने विधायकों के साथ जनहित के मुद्दों को सदन में जोर शोर से उठाएंगे इतना ही नहीं सरकार पर दबाव भी बनाएंगे की सरकार लोकायुक्त और ऐसे मुद्दों पर जल्द से जल्द फैसला ले जो जनहित में है।इस दौरान यशपाल आर्य ने कहा कि सरकार को जनता के सवालों से बचने नहीं दिया जाएगा। सदन से सड़क तक पार्टी संघर्ष करेगी। सरकार बिजनेस न होने का बहाना बनाकर छोटे सदन संचालित करती रही है। नेता प्रतिपक्ष नेता यशपाल आर्य का कहना है कि कांग्रेस पार्टी सदन में प्रहरी का काम करेगी और जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता के साथ उठाएगी | खासतौर से युवाओं के मुद्दे को प्रमुखता के साथ कांग्रेस पार्टी उठाने का काम करेगी |
Date: 18-April-2022
Edited by news 31 Uttrakhand team