बागेश्वर : गरुड़-बागेश्वर मोटर मार्ग पर कमेड़ी आइटीआई के पास ट्रक का ओवर टेक करते समय बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक चालक और सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई है। पुलिस ने दोनों ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए, मोर्चरी में भेज दिया है। घटना की सभी तरह से जांच की जा रही है।
रविवार को अपराह्न लगभग 4:30 बजे कपकोट से हल्द्वानी, जा रहा ट्रक संख्या यूके02,सी-1117 को कमेड़ी के समीप मोटर साइकिल संख्या यूके06, ए-8724 ने ओवरटेक किया। सामने डंपर खड़ा था। बाइक चालक नियंत्रण खो बैठा और बाइक पत्थर से टकरा गई।
जिसमें सवार कपकोट तहसील के गोलना, असों गांव निवासी चंदन सिंह शाही (29) पुत्र आनंद सिंह शाही और भरत सिंह (25) पुत्र कुंदन सिंह की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोग वहां बड़ी संख्या में एकत्र हो गए। लोगों का कहना था कि जिस स्थान पर घटना हुई, वहां काफी चौड़ी सड़क है।
बावजूद बाइक सवार पास लेने के चक्कर में पत्थर से जा टकराया। वहीं जिला मुख्यालय से लगभग, सात किमी दूर घटनास्थल पहुंचे कोतवाल कैलाश सिंह नेगी,ने बताया कि मृतकों को मोर्चरी में रखा गया है। उनके स्वजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।