राजधानी देहरादून व आसपास के इलाकों में रविवार को दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। बारिश के चलते राजधानी की सड़कों के साथ ही चौराहों पर जलभराव होने से शहरियों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ा। चौराहों पर जलभराव होने और कई गाड़ियों के बंद होने से सहारनपुर चौक, लैंसडौन चौक, आईएसबीटी तिराहा, शिमला बाईपास, महाराजा अग्रसेन चौक, दर्शनलाल चौक समेत कई जगह जाम की स्थिति देखने को मिली। करीब दो घंटे तक जलभराव और बारिश ने लोगों को परेशान करके रखा। जब सड़कों से पानी साफ हुआ तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
मूसलाधार बारिश के चलते किशननगर, निरंजनुपर सब्जी मडी, मेंहूवाला, बसंत विहार, सेंवलाखुर्द, पंडितवाड़ी, माजरा, चकराता रोड, हरिद्वार रोड, सरस्वती विहार, कारगी चौक, नेहरू कॉलोनी, डालनवाला, सहस्त्रधारा रोड, बलबीर रोड, राजपुर रोड, रायपुर, करणपुर, ईसी रोड, ओल्ड सहारनपुर चौक, बल्लीवाला, बल्लूपुर, नेहरू कॉलोनी रोड, रिंग रोड, जोगीवाला समेत ज्यादातर इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा।
वहीं, भारी बारिश के चलते सरखेत में बांदल नदी का रौद्र रूप देखकर वहां लोग दहशत में आ गए। पानी बढ़ता देख लोग पहले ही सुरक्षित स्थानों पर जाने की कोशिश कर रहे हैं। उधर, मूसलाधार बारिश के चलते राजधानी के चौराहों और सड़कों पर जलभराव होने से स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत कराए जा रहे निर्माण कार्यों के साथ ही नगर निगम प्रशासन की ओर से चलाए गए नाला सफाई अभियान की भी कलई खुल गई।
बारिश के चलते सहारनपुर चौक, महाराजा अग्रसेन चौक, लैंसडौन चौक, दर्शनलाल चौक समेत ज्यादातर चौराहों पर जलभराव के साथ ही जबरदस्त मलबा जमा हो गया। जिसके चलते शहरियों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ा
Date – 05/September/2022
Pennde By – Kiran Rawat