ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे तीसरे दिन भी बंद

By New31 Uttarakhand

उत्तराखंड में आज मंगलवार को मौसम साफ बना हुआ है। प्रदेश के सभी इलाकों में चटख धूप खिली है। जिससे तापमान में भी बढोतरी हुई है। उधर, ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच 94) पर नरेंद्रनगर बाईपास के समीप कुमारखेड़ा में आज तीसरे दिन भी यातायात के लिए बंद है।

चट्टान से हुए भूस्खलन के कारण लगातार भारी मात्रा में बोल्डर सड़क पर गिरे हैं। वहां पर पहाड़ी से लगातार भूस्खलन हो रहा है। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत छोटे वाहनों का संचालन पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय की सड़क से हो रहा है। वहीं, नरेंद्रनगर रानीपोखरी मोटर मार्ग से भी वाहनों का संचालन किया जा रहा है। लेकिन बड़े वाहनों की आवाजाही अब भी बंद है।

ऋषिकेश से चंबा के लिए आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है। जिससे यात्रियों के साथ साथ वाहन स्वामियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क बंद होने से बड़े व छोटे वाहन सड़क के दोनों ओर फंसे हुए हैं। वहीं खाद्य सामग्री न पहुंचने से आम जनता की परेशानियां बढ़ती दिखाई दे रही हैं।

गंगोत्री राष्ट्रीय बंद होने से ऋषिकेश से चंबा, उत्तरकाशी और घनसाली की ओर जाने वाले यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को ऋषिकेश से चंबा, उत्तरकाशी और घनसाली की ओर जाने के लिए मसूरी-धनोल्टी, कीर्तिनगर-दुगड्डा, देवप्रयाग-गजा या विकासनगर-बड़कोट जैसे लंबे उपमार्गों पर निर्भर होना पड़ रहा है।

दो घंटे बंद रहा बदरीनाथ हाईवे
बदरीनाथ हाईवे नंदप्रयाग में पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण बार-बार बाधित हो रहा है। आज सुबह भी भारी मात्रा में मलबा आने से यहां करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा। यहां पर 66 केवी की विद्युत लाइन भी भूस्खलन की चपेट में आने से देर रात से चमोली में बदरीनाथ सहित 200 से अधिक गांवों में बिजली सप्लाई ठप पड़ी है।
241 सड़कें बंद
19 अगस्त की रात हुई भारी बारिश की मार सबसे ज्यादा सड़कों पर पड़ी है। तीन दिन बाद प्रदेश में नौ स्टेट हाईवे समेत कुल 241 सड़कें बंद हैं। प्रमुख सचिव लोनिवि की ओर से मुख्य सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने के निर्देश दिए गए हैं।

PENNDE BY- SONIYA RANA
DATE- 23-08-2022

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.