सीनियर नेता रहीं दिवंगत सुषमा स्वराज को आज देश श्रद्धा सुमन अर्पित कर रहा है| 6 अगस्त 2019 में दुनिया को अलविदा कहने वाली सुषमा स्वराज की आज तीसरी पुण्यतिथि है| सुषमा स्वराज का व्यक्तित्व ऐसा था कि, उन्हें विपक्षी दलों के नेता भी बहुत सम्मान देते थे| विदेश मंत्री के तौर पर सुषमा स्वराज के कार्यों की तारीफ विपक्ष भी संसद भवन में कर चुका है. आमतौर ऐसे बहुत कम नेता होते हैं जिनकी तारीफ संसद सत्र में विपक्षी पार्टियों के नेता करते हैं।
केंद्र में जब नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार 2014 में एनडीए की सरकार बनी तो सुषमा स्वराज को विदेश मंत्री बनाया गया| वह साल 2019 तक विदेश मंत्री रहीं. मोदी के दूसरे कार्यकाल में तबीयत खराब होने की वजह से वह कैबिनेट में शामिल नहीं हुई. 2014 से 2019 तक सुषमा स्वराज 186 देशों में फंसे 90 हजार से ज्यादा भारतीयों की मदद की।
सुषमा स्वराज के कार्यों की तारीफ करने वाले लोग भारत में ही नहीं पाकिस्तान में भी हैं. जुलाई 2017 में मदद करने से खुश एक पाकिस्तानी महिला ने सुषमा स्वराज को धन्यवाद देते हुए कहा कि काश आप हमारे देश पाकिस्तान की प्रधानमंत्री होती. पाकिस्तानी महिला हिजाब आसिफ ने एक बीमार शख्स को वीजा दिलवाने के लिए सुषमा स्वराज से मदद मांगी थी, इस पर सुषमा ने विदेश मंत्रालय को हिजाब की मदद करने का निर्देश दिया था, इस पर हिजाब ने कहा कि आपको बहुत-बहुत प्यार और सम्मान. काश आप हमारी प्रधानमंत्री होती. अगर ऐसा होता तो देश बदल गया होता।
सुषमा स्वराज सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती थीं. सोशल मीडिया पर मदद मांगने पर उन्होंने कई लोगों की मदद की. यहां तक पाकिस्तानी नागरिक जो इलाज या अन्य कारणों से भारत आना चाहते थे उनको को भी वीजा दिलाई में मदद की थी. यही वजह है कि आज देश-विदेश में सुषमा स्वराज को चाहने वाले उन्हें याद कर रहे हैं|
सुषमा स्वराज का मध्य प्रदेश से गहरा नाता था. वह मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अपना भाई मानती थीं. रक्षाबंधन पर वह उन्हें राखी भी बांधती थी. शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा कि दीदी की बहुत याद आ रही है बरबस उनका मुस्कुराता हुआ चेहरा बार बार सामने आ जा रहा है. कई बार ऐसा आभास हो रहा है कि वह मुझे स्नेह से समझा रही हैं कि इतना काम मत करो, अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखो, जैसा कि वह मुझे अक्सर कहा करती थीं।
PENNDE BY-SONIYA RANA
DATE- 06-08-2022