उत्तराखंड में दिवाली का त्योहार रोशनी और आतिशबाजी के बीच मनाया गया, लेकिन पटाखे जलाने का शौक कई लोगों के लिए मुसीबत बन गया। जरा सी लापरवाही ने बच्चों से लेकर युवाओं तक को अस्पताल पहुंचा दिया। प्रदेशभर में दिवाली के दौरान पटाखों की चपेट में आने से करीब 290 लोग झुलस गए। इनमें सबसे ज्यादा मामले आंखों में चोट लगने के सामने आए हैं। राहत की बात यह रही कि किसी भी व्यक्ति के गंभीर रूप से झुलसने का मामला सामने नहीं आया। वहीं, पटाखों से निकलने वाले धुएं के कारण सांस लेने में परेशानी होने पर भी कई लोगों को अस्पतालों में उपचार कराना पड़ा। त्योहार के दौरान बाजारों से लेकर रिहायशी इलाकों तक आतिशबाजी का उत्साह देखने को मिला, लेकिन पटाखे जलाते समय बरती गई असावधानी ने कई परिवारों की खुशियों में खलल डाल दिया।
आंकड़ों पर नजर डालें तो देहरादून में सबसे अधिक 80 लोग पटाखों से झुलसने के बाद अस्पताल पहुंचे। इसके अलावा पौड़ी जिले में 70, ऋषिकेश में 46, रुड़की में 47, हरिद्वार में 29, विकासनगर में 13, टिहरी में चार और चमोली में एक व्यक्ति को उपचार की जरूरत पड़ी। वहीं, श्रीनगर में तीन दिनों के भीतर आंखों में चोट लगने के कारण 25 बच्चे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे। इन आंकड़ों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि आतिशबाजी के दौरान बरती गई थोड़ी सी लापरवाही कितनी भारी पड़ सकती है। खासकर बच्चों के पटाखे जलाते समय सुरक्षा का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। दीपावली की खुशियां मनाने के उत्साह में सुरक्षा को नजरअंदाज करना कई लोगों को अस्पताल पहुंचा गया।