अक्टूबर का महीना शुरू होते ही महंगाई का झटका लगा है। त्योहारी सीजन से पहले सरकारी तेल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर अब 62.50 रुपये महंगा होकर 2,810 रुपये का हो गया है। इससे होटल, रेस्टोरेंट और दूसरे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए LPG का खर्च बढ़ जाएगा। इससे पहले सितंबर में भी दिल्ली में 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमत में 9.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई थी और यह 2,747.50 रुपये पर पहुंच गया था।
देश के अलग-अलग शहरों में कमर्शियल LPG सिलेंडर के दाम अलग-अलग बढ़ाए गए हैं। कहीं कीमत में करीब 60 रुपये, कहीं 66 रुपये, तो कुछ शहरों में 71.50 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, घरेलू LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए फिलहाल राहत है। 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी घर में खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाला LPG सिलेंडर पुरानी कीमत पर ही मिलेगा, जबकि कमर्शियल सिलेंडर पर निर्भर कारोबारियों को अब ज्यादा कीमत चुकानी होगी। त्योहारी सीजन से ठीक पहले हुई इस बढ़ोतरी का असर उन कारोबारों की लागत पर पड़ सकता है, जहां बड़े पैमाने पर कमर्शियल LPG का इस्तेमाल होता है।