हरिद्वार में कांवड़ यात्रा खत्म होने के बाद हर की पैड़ी के चेंजिंग रूम से पेशाब से भरी पानी की बोतलें मिलने का दावा सामने आया है। इसके बाद सफाई व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए की गई टॉयलेट व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। बताया जा रहा है कि सफाई के दौरान चेंजिंग रूम में कई पानी की बोतलें मिलीं, जिनमें पेशाब भरा हुआ था। सफाईकर्मियों का कहना है कि इन्हें कांवड़िए छोड़कर गए, वहीं इस मामले में यह सवाल भी उठ रहा है कि इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बावजूद सार्वजनिक शौचालय और यूरिनल की व्यवस्था पर्याप्त थी या नहीं।
दरअसल, इस बार कांवड़ यात्रा में करोड़ों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे, ऐसे में प्रशासन की ओर से साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं के बड़े-बड़े इंतजाम किए गए थे। लेकिन यात्रा खत्म होने के बाद सामने आई इन तस्वीरों ने व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रद्धालुओं की भी जिम्मेदारी है कि सार्वजनिक जगहों को गंदा न करें, लेकिन प्रशासन को भी इतनी बड़ी भीड़ के हिसाब से पर्याप्त मोबाइल टॉयलेट और यूरिनल की व्यवस्था करनी चाहिए। अब सवाल यही है कि अगली कांवड़ यात्रा में इंतजाम सिर्फ भीड़ संभालने तक रहेंगे या श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त टॉयलेट की व्यवस्था भी जमीन पर दिखाई देगी?