मानसून के दौरान लगातार हो रही बारिश के बावजूद उत्तराखंड की चारधाम यात्रा सुचारु रूप से जारी है। बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब लगातार उमड़ रहा है। अब तक दोनों धामों में 27 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
राज्य सरकार और प्रशासन यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी कर रहे हैं। संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा बल, पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य राहत दल तैनात हैं। मौसम की स्थिति पर भी लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले मौसम और सड़क मार्ग की ताजा जानकारी अवश्य लें तथा केवल प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करते हुए ही यात्रा करें। मानसून की चुनौतियों के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था बरकरार है, जिससे बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में दर्शन का सिलसिला लगातार जारी है।