हरिद्वार के सप्तऋषि क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उसमें सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। हादसे में राजस्थान की एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य लोग घायल हो गए। दुर्घटना के दौरान सामने से आ रहा एक डंपर भी नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा।जानकारी के अनुसार, हादसा शांतिकुंज के पास हाईवे पर हुआ। राजस्थान से आए श्रद्धालुओं का एक दल गंगा स्नान के बाद वापस लौटने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी बस को पीछे किया जा रहा था। अचानक चालक का बस पर नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क पर पलट गई प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस को पलटता देख सामने से आ रहे डंपर चालक ने टक्कर से बचने का प्रयास किया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित ढाबे में घुस गया। हादसे में ढाबे के बाहर खड़ी एक बुलेरो गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बस में फंसे यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने 50 वर्षीय पुष्पकवर, पत्नी भंवर सिंह, निवासी नागौर (राजस्थान) को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है। कुछ यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि आपदा परिचालन केंद्र से सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई थी। बस में कुल 45 यात्री सवार थे, जिनमें 26 लोग घायल हुए हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।वहीं, शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य कराया गया है। प्रारंभिक जांच में बस को बैक करते समय चालक का संतुलन बिगड़ने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।