देशभर के LPG उपभोक्ताओं के लिए 1 जून से बड़ा बदलाव लागू हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक सरकार और ऑयल मार्केटिंग कंपनियां अब “वन हाउसहोल्ड, वन LPG कनेक्शन” नियम को सख्ती से लागू करने की तैयारी में हैं। इसके तहत एक ही पते पर एक से अधिक LPG कनेक्शन रखने वाले उपभोक्ताओं की जांच की जाएगी। कंपनियां ऐसे कनेक्शनों की पहचान कर रही हैं और नियमों के खिलाफ पाए जाने पर अतिरिक्त गैस कनेक्शन बंद किए जा सकते हैं। माना जा रहा है कि इस कदम से फर्जी कनेक्शन, गैस सब्सिडी में गड़बड़ी और ब्लैक मार्केटिंग पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।
सरकार का कहना है कि घरेलू गैस वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है। इसके साथ ही KYC और उपभोक्ता विवरण की जांच भी तेज की जा सकती है। ऐसे में जिन उपभोक्ताओं के नाम पर एक ही पते पर एक से ज्यादा LPG कनेक्शन हैं या जिनकी जानकारी अपडेट नहीं है, उन्हें जल्द से जल्द अपने दस्तावेजों की जांच कर लेनी चाहिए। अब सभी की नजर इस बात पर है कि 1 जून से लागू होने वाले इस नियम का असर कितने उपभोक्ताओं पर पड़ेगा और क्या सरकार भविष्य में इसमें कोई राहत देने पर विचार करेगी।