उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के ड्रमंडगंज घाटी इलाके से एक बेहद भयावह सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बुधवार रात करीब 8:30 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक के ब्रेक फेल हो गए, जिसके बाद वह बेकाबू होकर सामने चल रहे दूसरे ट्रक से जा टकराया। इस टक्कर के बाद एक के बाद एक कई वाहन इसकी चपेट में आ गए और देखते ही देखते यह हादसा एक भीषण मल्टी-व्हीकल एक्सीडेंट में बदल गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक कार दो ट्रकों के बीच फंसकर पूरी तरह चकनाचूर हो गई, जबकि एक बोलेरो गाड़ी भी टक्कर के बाद आग का गोला बन गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बोलेरो में सवार लोग जिंदा जल गए और कई शव बुरी तरह झुलस गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। हालांकि आग इतनी भीषण थी कि राहत कार्य में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस के मुताबिक, हादसे में शामिल वाहनों में बिहार और मध्य प्रदेश नंबर के ट्रक भी शामिल थे, जबकि अन्य गाड़ियां मिर्जापुर और सोनभद्र की थीं। वही इस दर्दनाक हादसे पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। वहीं प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर ब्रेक फेल होने के पीछे क्या कारण था। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और यातायात को सामान्य करने की कोशिश जारी है, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।