तेज रफ्तार बस ने छीनी मासूम की जिंदगी,खाना खाने बैठे पिता का धरा रह गया निवाला!

तेज रफ्तार बस ने छीनी मासूम की जिंदगी,खाना खाने बैठे पिता का धरा रह गया निवाला!
By New31 Uttarakhand

हल्द्वानी में रह रहे पीलीभीत निवासी 35 वर्षीय जीवन लाल के परिवार पर ऐसा दुखों का पहाड़ टूटा, जिसने उनकी दुनिया उजाड़ दी। दोपहर की सामान्य दिनचर्या के बीच अचानक आई एक दर्दनाक खबर ने उनके घर की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। खाना खाने बैठे जीवन लाल को अंदाजा भी नहीं था कि उनकी लाडली बेटी कनक अब इस दुनिया में नहीं रही।बताया जा रहा है कि जीवन लाल करीब डेढ़ साल पहले रोज़गार की तलाश में रानीबाग आए थे और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे।

तीन महीने पहले ही वह अपनी पत्नी, दो बेटों और बेटी कनक को भी अपने पास ले आए थे। परिवार में कनक ही इकलौती बेटी थी, जो अपने दोनों भाइयों विशाल (5) और सार्थक (2) की चहेती बहन थी।कनक रोज की तरह आंगनबाड़ी केंद्र गई थी। लौटते समय वह अपने भाई और मौसी के बच्चों के साथ सड़क पार कर रही थी, तभी नैनीताल की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस चालक को धीमा चलाने के लिए आवाज भी दी गई, लेकिन उसने लापरवाही बरती।हादसा इतना भीषण था कि बच्ची बस के पहिए में फंस गई और करीब 20 मीटर तक घसीटती चली गई।

मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीवन लाल खाना छोड़कर घटनास्थल की ओर दौड़े। अपनी बेटी का बेजान शरीर सड़क पर पड़ा देख वह बदहवास हो गए।घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने बस पर पथराव कर दिया, जिससे उसके शीशे टूट गए। हालांकि बस में सवार यात्री पहले ही बाहर निकल चुके थे।उधर, पोस्टमार्टम हाउस में खड़े जीवन लाल और उनकी पत्नी राजकुमारी का रो-रोकर बुरा हाल था। मां अपनी बेटी के शव के पास बिलखती रही और बार-बार उसे वापस लाने की गुहार लगाती रही।

परिवार और आसपास के लोगों ने उन्हें ढांढस बंधाने की कोशिश की, लेकिन इस अपूरणीय क्षति ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के सख्त इंतजाम की मांग की है।

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.