न शराब, न स्मैक, न कोई और ड्रग—फिर भी नशा। यह सुनने में जितना अजीब लगता है, उतना ही खतरनाक है। देश में एक नया और भयावह ट्रेंड तेजी से उभर रहा है, जिसे ‘ब्लड किक’ कहा जा रहा है। इसमें नशे का जरिया वही खून बनता है, जो हमारे शरीर को जीवन देता है।
जानकारी के मुताबिक, इस खतरनाक लत में कुछ युवा अपनी नसों से खून निकालकर उसे दोबारा शरीर में चढ़ाते हैं। उनका मानना है कि इससे उन्हें तुरंत एनर्जी और मानसिक सुकून मिलता है। हालांकि, चिकित्सा विशेषज्ञ इसे बेहद गंभीर और जानलेवा प्रवृत्ति मानते हैं।
मेडिकल भाषा में इस प्रक्रिया के दुरुपयोग को “ऑटोहेमोथेरेपी एब्यूज” कहा जाता है। भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भी इस तरह के कई मामले सामने आए हैं, जिससे डॉक्टरों की चिंता बढ़ गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह आदत शरीर के लिए अत्यंत हानिकारक है। इससे गंभीर संक्रमण, सेप्सिस (खून में जहर फैलना), नसों को स्थायी नुकसान और यहां तक कि मौत का खतरा भी हो सकता है। असुरक्षित तरीके से खून निकालना और चढ़ाना शरीर की प्राकृतिक प्रणाली को बिगाड़ देता है, जिससे कई अंग प्रभावित हो सकते हैं।
डॉक्टरों का कहना है कि यह कोई नशा नहीं, बल्कि एक खतरनाक भ्रम है, जो युवाओं को धीरे-धीरे मौत के करीब ले जा रहा है। खासतौर पर सोशल मीडिया इस ट्रेंड को बढ़ावा देने में बड़ी भूमिका निभा रहा है। अलग और जोखिम भरा करने की चाह में युवा ऐसे वीडियो और पोस्ट से प्रभावित होकर इसे आजमाने लगते हैं।
शुरुआत में यह केवल जिज्ञासा या मजाक के तौर पर शुरू होता है, लेकिन धीरे-धीरे यह एक लत का रूप ले लेता है। जब तक व्यक्ति इसकी गंभीरता को समझता है, तब तक वह इस खतरनाक आदत के जाल में फंस चुका होता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि इस तरह के भ्रामक और खतरनाक ट्रेंड से दूर रहें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। समय रहते सतर्कता ही इस जानलेवा लत से बचने का एकमात्र उपाय है।