सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट को लेकर चर्चाओं में रहने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर एक बार फिर कानूनी शिकंजे में आ गई हैं। देहरादून के थाना नेहरू कॉलोनी में उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।यह मामला मोथरोवाला चौक निवासी आरती गौड़ की शिकायत पर दर्ज किया गया है। आरती का आरोप है कि सहारनपुर के गोविंद नगर की रहने वाली उर्मिला सनावर ने अपने फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट के माध्यम से उनके खिलाफ लगातार आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट साझा किए। इन पोस्टों के जरिए उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई और लोगों को उनके खिलाफ उकसाया गया।शिकायत में यह भी कहा गया है कि उर्मिला सनावर ने आरती गौड़ का मोबाइल नंबर सोशल मीडिया पर सार्वजनिक कर दिया, जिसके बाद उन्हें अज्ञात लोगों से लगातार कॉल और धमकियां मिलने लगीं। इस पूरे घटनाक्रम से परेशान होकर आरती ने खुद को असुरक्षित बताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
थाना नेहरू कॉलोनी के प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट्स समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।उर्मिला सनावर इससे पहले भी कई विवादों में घिर चुकी हैं। उन्होंने ‘ऑडियो बम’ नाम से कुछ कथित ऑडियो क्लिप्स सोशल मीडिया पर साझा किए थे, जिनमें उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े अहम सबूत होने का दावा किया था। इन क्लिप्स के आधार पर उन्होंने भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं और पूर्व विधायकों पर गंभीर आरोप लगाए थे।उनका नाम भाजपा से निष्कासित पूर्व विधायक सुरेश राठौर के साथ विवाद को लेकर भी सुर्खियों में रहा। उर्मिला ने दावा किया था कि उन्होंने राठौर से काठमांडू में शादी की है। हालांकि बाद में विवाद बढ़ा और राठौर की बेटी ने उनके खिलाफ ब्लैकमेलिंग और फिरौती का मामला दर्ज कराया।जनवरी 2026 में उर्मिला सनावर ने एक वीडियो जारी कर खुद और अपने परिवार की जान को खतरा बताया था। इसके बाद वह करीब नौ दिनों तक लापता रहीं, जिससे मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया। पुलिस ने उनके घर पर नोटिस भी चस्पा किया था।अब देहरादून में दर्ज इस नए मामले के बाद उर्मिला सनावर की कानूनी मुश्किलें और बढ़ती नजर आ रही हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।