हॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सुपरगर्ल’ को लेकर फैंस का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। मेकर्स ने फिल्म का दमदार ट्रेलर रिलीज कर दिया है, जिसने रिलीज होते ही दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ा दिया है। करीब 2 मिनट 56 सेकंड के इस ट्रेलर में सुपरगर्ल का एक्शन, इमोशन और आत्म-खोज की कहानी को बेहद प्रभावशाली तरीके से दिखाया गया है।
ट्रेलर की शुरुआत सुपरगर्ल और सुपरमैन के बीच एक भावनात्मक बातचीत से होती है। सुपरमैन उससे पूछता है कि वह कब वापस लौटेगी और उसे समझाने की कोशिश करता है कि अलग-अलग ग्रहों पर भटककर वह खुद को नहीं ढूंढ पाएगी। यह संवाद कहानी के भावनात्मक पहलू को मजबूत बनाता है और सुपरगर्ल के आंतरिक संघर्ष की झलक देता है।
कहानी में असली मोड़ तब आता है जब सुपरगर्ल के प्रिय साथी क्रिप्टो को जहर दे दिया जाता है। उसकी जान बचाने के लिए सुपरगर्ल के पास केवल तीन दिन का समय होता है। इस चुनौती के बाद वह एक खतरनाक मिशन पर निकलती है, जिसमें उसे कई दुश्मनों और मुश्किल हालातों का सामना करना पड़ता है। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक बहादुर छोटी बच्ची से होती है, जिसके पिता की हत्या हो चुकी है। यह मुलाकात सुपरगर्ल को अपने जीवन का नया मकसद देती है और कहानी को और गहराई प्रदान करती है।
फिल्म को वार्नर ब्रदर्स और डीसी के बैनर तले बनाया गया है। इसका निर्माण पीटर सैफरन और जेम्स गन ने किया है, जबकि निर्देशन क्रेग गिलेस्पी ने संभाला है। फिल्म की कहानी एना नोगुएरा ने लिखी है। इसमें मिली अल्कोक, डेविड कोरेंसवेट, मैथियास शोएनर्ट्स और ईव रिडले मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। खास बात यह है कि ‘एक्वामैन’ फेम जेसन मोमोआ भी फिल्म में अहम भूमिका निभाते दिखाई देंगे।
एक्शन, इमोशन और एडवेंचर से भरपूर यह फिल्म 26 जून को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ट्रेलर को मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद यह साफ है कि ‘सुपरगर्ल’ बॉक्स ऑफिस पर बड़ा धमाका कर सकती है।