उत्तराखंड की राजधानी Dehradun में मार्च की शुरुआत में ही हवा खतरनाक स्तर तक पहुंच गई है। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI 300 के पार पहुंच गया है, जिससे हवा “बहुत खराब” श्रेणी में दर्ज की गई है। आमतौर पर साफ हवा और सुहावने मौसम के लिए पहचाने जाने वाले देहरादून में इस बार हालात चिंताजनक हैं। वहीं दूसरी ओर तापमान भी लगातार बढ़ रहा है और पारा 31 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, जिससे मौसम में असामान्य गर्मी और प्रदूषण का असर एक साथ देखने को मिल रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार देहरादून में बढ़ते वाहन, कूड़ा जलाना, निर्माण कार्य और जंगलों में लगने वाली आग प्रदूषण के प्रमुख कारण बन रहे हैं। दिन में हवा के बहाव के कारण प्रदूषण कुछ कम हो जाता है, लेकिन रात के समय AQI कई इलाकों में 300 से ऊपर पहुंच जाता है। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर समय रहते प्रदूषण को नियंत्रित करने के ठोस कदम नहीं उठाए गए तो पहाड़ी शहरों में भी हवा की स्थिति दिल्ली जैसे बड़े शहरों की तरह खराब हो सकती है। बढ़ते प्रदूषण से खासकर बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए स्वास्थ्य खतरा बढ़ गया है।