जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में मंगलवार शाम को बड़ा हादसा हुआ है। आपको बता दे यहाँ जवानों को लेकर नियंत्रण रेखा पर स्थित घोड़ा पोस्ट की ओर जा रहे छह वाहनों के काफिले का एक वाहन फिसल कर करीब 350 फुट गहरी खाई में गिर गया। वही हादसे में पांच जवान बलिदान हो गए, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हैं जिन्हे पुंछ के फील्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। साथ ही जवानों की शिनाख्त की जानकारी अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार की शाम 10 जवानों को लेकर 11 मराठा लाइट इन्फैंटरी के छह वाहनों का काफिला ऑपरेशन ड्यूटी पर जा रहा था। इन जवानों को नियंत्रण रेखा पर बनोई की घोड़ा पोस्ट तक ले जाना था। लेकिन इसी बीच करीब 5 बजकर 20 मिनट पर घरोआ के पास ढाई टन वाहन के एक चालक ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी करीब 350 फुट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही सेना व पुलिस की टीम मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया।
हालांकि ये कोई पहली घटना नहीं है जम्मू-कश्मीर में पहले भी ऐसे कई हादसे हो चुके हैं। पिछले साल 29 अप्रैल को राजोरी में सेना की एंबुलेंस 200 फीट गहरी खाई में गिर गई थी। जिसमे दो जवान बलिदान हो गए थे। इसके बाद 19 अगस्त 2023 को सेना की गाड़ी 60 फीट गहरी खाई में गिरने से 9 जवान बलिदान हुए थे। वही भारतीय सेना की व्हाइट नाइट कोर ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा की “#WhiteKnightCorps के सभी रैंक के जवान पुंछ सेक्टर में ऑपरेशनल ड्यूटी के दौरान एक वाहन दुर्घटना में पांच बहादुर सैनिकों की दुखद मौत पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. बचाव अभियान जारी है, और घायल कर्मियों को चिकित्सा देखभाल मिल रही है.”