महाराष्ट्र के जलगांव जिले में बुधवार शाम को एक एंबुलेंस में आग लग गई। गनीमत रही कि ड्राइवर की सतर्कता के चलते एंबुलेंस में सवार गर्भवती महिला और उसके परिवार की जान बच गई। उनके एंबुलेंस से उतरते ही कुछ मिनटों बाद ऑक्सीजन सिलेंडर फट गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए। एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने की घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें साफ़ देखा जा सकता है कि एंबुलेंस में आग लगने के बाद एक तेज धमाका हुआ, जिससे आसपास के घरों की खिड़कियां टूट गईं और मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना दादा वाडी इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक फ्लाईओवर पर हुई। दरअसल एक एंबुलेंस गर्भवती महिला और उसके परिवार को एरंडोल सरकारी अस्पताल ले जा रही थी। लेकिन इसी दौरान ड्राइवर ने एंबुलेंस के इंजन से धुआं निकलता देखा। हालांकि ड्राइवर ने अपनी सूझभूज दिखाई और बिना देरी किए एंबुलेंस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। साथ ही उसने एंबुलेंस में सवार गर्भवती महिला और उसके परिवार को एंबुलेंस से उतरने के लिए कहा, जिसके बाद ड्राइवर, गर्भवती महिला और उसका परिवार एंबुलेंस से उतकर दूर खड़े हो गए। जैसे ही सभी लोग एंबुलेंस से उतरकर सुरक्षित जगह पर पहुंचे, कुछ मिनटों बाद ही एंबुलेंस में आग लग गई और देखते ही देखते एंबुलेंस में रखे ऑक्सीजन सिलेंडर में तेज धमाका हुआ, जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए।
वही इस घटना ने आसपास के इलाके में खौफ का माहौल पैदा कर दिया। हालांकि, पुलिस और फायर ब्रिगेड ने जल्द ही घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में किया। गनीमत रही की इस दुर्घटना में सभी लोग सुरक्षित है केवल एंबुलेंस को नुकसान पहुंचा और उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया। पुलिस ने बताया कि एंबुलेंस के इंजन में आग लगने की वजह अभी पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी का शक जताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने एंबुलेंस को जब्त कर लिया है और इसकी गहन जांच की जा रही है। इसके साथ ही, प्रशासन ने सभी एंबुलेंस ऑपरेटरों को चेतावनी दी है कि वो अपनी गाड़ियों की नियमित जांच कराएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।