मूल निवास और भू कानून का मुद्दा गर्माता जा रहा है। क्षेत्रीय दल उत्तराखंड क्रांति दल ने गुरुवार को मूल निवास और भू-कानून की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करते हुए तांडव रैली निकाली। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच नोकझोंक और धक्कामुक्की हुई। गुरुवार की सुबह करीब 11 बजे, उक्रांद और विभिन्न राजनीतिक एवं सामाजिक संगठनों के सदस्य परेड ग्राउंड में भारी संख्या में एकत्र हुए। रैली में टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, विकासनगर, जौनसार, कुमांऊ समेत कई क्षेत्रों से सैकड़ों लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारी गीत गाते हुए करीब 12 बजे सीएम आवास की ओर बढ़े।
यहां पहले से तैयार पुलिस बल ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोका। आक्रोशित भीड़ बैरिकेडिंग पर चढ़ गई। जिसके चलते पुलिस और आंदोलनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई। यहां कुछ आंदोलनकारी चोटिल भी हुई। करीब 03 बजे तक आंदोलनकारी यहीं नारेबाजी करते रहे। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री खुद उनकी मांगों सुनने पहुंचे। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष पूरण सिंह , पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह और पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष त्रिवेंद्र पंवार समेत करीब 40 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। बाद में कोर्ट के पास ले जाकर छोड़ दिया गया।