नैनीताल जिला मुख्यालय हल्द्वानी में सिंधी चौराहे पर होली ग्राउंड में लगी भक्त प्रह्लाद की मूर्ति तोड़ने के मामले का अब खुलासा हो गया है। आपको बता दे सोमवार देर रात को हुए बवाल के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मूर्ति तोड़ने वाले युवक को आज अरेस्ट कर लिया। दरअसल मूर्ति तोड़े जाने के बाद रात को ही हिंदूवादी संगठनों ने होली ग्राउंड में हंगामा भी किया था। साथ ही हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने आसपास की दुकानें भी बंद करा दी थी। हालाँकि इस दौरान इलाके में भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
मिली जानकारी के मुताबिक मूर्ति 17 सितंबर को ही खंडित हो गई थी लेकिन इसका पता करीब एक हफ्ते बाद सोमवार 23 सितंबर रात को लगा। जिसके बाद से ही हल्द्वानी शहर का माहौल गरम हो गया। वही एसपी सिटी हल्द्वानी प्रकाश चंद्र ने बताया कि होलिका ग्राउंड में पिछले दिनों गणपति महोत्सव के दौरान गणपति की मूर्ति रखी गई थी। इसी दौरान टेंट खोलने के दौरान एक बल्ली मूर्ति पर गिर गई थी, जिससे मूर्ति खंडित हो गई थी। लेकिन मजदूरों ने घटना के बारे में किसी को कोई जानकारी नहीं दी। हालांकि पुलिस ने मूर्ति खंडित करने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।