प्रदेश मे आए दिन छेडख़ानी की घटनाएं बढ़ती जा रही है। बता दे इस वक्त देहरादून के लोग काफी आक्रोश में हैं और इसकी वजह है शहर की पलटन बाजार में छात्रा के साथ हुई छेड़छाड़। दरअसल पलटन बाजार में छात्रा से छेड़छाड़ मामले पर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई न होने से नाराज दून वैली व्यापार मंडल के व्यापारियों ने सोमवार को पलटन बाजार बंद रखा। व्यापारियों ने बाजार में घूमकर जमकर प्रदर्शन किया।
घटना को विस्तार से अगर बताये तो घटना शनिवार की है जब छात्रा पलटन बाजार में खरीदारी कर रही थी। बाजार में एक दुकान का कर्मचारी छात्रा को सैंडल का नया स्टॉक दिखाने की बात बोलकर दुकान की ऊपरी मंजिल में ले गया और वहाँ आरोपी ने छात्रा को सैंडल दिखाई और पहनाने लगा। लेकिन आरोप है कि सैंडल पहनाते समय युवक ने छात्रा से छेड़खानी की। छात्रा ने युवक को धक्का दिया और वहां से भाग गई और नीचे पहुंचकर शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार इकट्ठा हुए और छेड़खानी के आरोप में युवक को पकड़ लिया। जिसके बाद दुकानदारों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
वही मौके पर पहुंची पुलिस युवक को पकड़कर कोतवाली ले गई। इसके बाद छात्रा ने युवक के खिलाफ तहरीर दी जिस पर पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। लेकिन कुछ देर बाद पुलिस ने आरोपी को छोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी विशेष धर्म से ताल्लुक रखता है।