दुनिया के सबसे ऊंचाई पर स्थित हेमकुंड साहिब गुरूद्वारे के कपाट 20 मई से श्रद्धालुओं के लिए खुल रहे हैं. इसी तारीख को लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट भी खुल जाएंगे….जानकारी के अनुसार हेमकुंड साहिब प्रबंधन न्यास के अध्यक्ष सरदार नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने कहा कि हेमकुंड साहिब के यात्रा रास्ते पर जमी बर्फ को हटाने का काम भारतीय सेना 20 अप्रैल से शुरू कर देगी.
बता दें कि हेमुकंड साहिब गुरुद्वारा चमोली जिले में 15200 फुट की ऊंचाई पर स्थित है….इतनी ऊंचाई पर होने के कारण यहां पर सर्दी के मौसम में बहुत बर्फ पड़ती है. जिस कारण भारतीय सेना के जवान यात्रा शुरू होने से पहले यात्रा मार्ग से बर्फ को हटाने का काम करते हैं.
गोविंदघाट से शुरू होती है हेमकुंड साहिब की यात्रा
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को कोई असुविधा ना हो इसके लिए सरकार ने सारी तैयारियां कर ली हैं. स्वास्थ्य विभाग की टीम ने यात्रा के मुख्य पड़ाव गोविंदघाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले लिया है. बता दें कि हेमकुंड साहिब यात्रा का मुख्य पड़ाव गोविंदघाट है. दुनिया के कौने-कौने से आने वाले सिख समुदाय के श्रद्धालु यहीं से हेमकुंड साहिब धाम की यात्रा शुरू करते हैं.