Uttarakhand News- उत्तराखंड में एक अप्रैल से बिजली दरों में 12 फीसदी तक बढ़ोतरी हो सकती है। उत्तराखंड विद्युत नियामक आयोग ने इस पर मुहर लगा दी है… आयोग 23 मार्च को बढ़ी हुई दरें जारी कर देगा। इस बढ़ोतरी से प्रदेश के 27 लाख 50 हजार 872 उपभोक्ता प्रभावित होंगे।
इस साल यूपीसीएल ने नियामक आयोग के सामने बिजली दरों में 16.96 प्रतिशत, यूजेवीएनएल ने करीब 2.43 प्रतिशत, और पिटकुल ने 9.27 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव नियामक आयोग के समक्ष रखा था, आयोग ने इन सभी प्रस्तावों पर प्रदेशभर में जनसुनवाई कर हितधारकों और तीनों ऊर्जा निगमों की बातें सुनीं। अब आयोग ने बोर्ड की बैठक कर सभी के प्रस्तावों पर मंथन किया है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, नियामक आयोग ने यूपीसीएल के टैरिफ में करीब 12 फीसदी बढ़ोतरी का निर्णय लिया है। इसके बाद यह बढ़ी हुई दरें उत्तराखंड में 01 अप्रैल से लागू हो जाएंगी… हालांकि बिजली मीटर के फिक्स चार्ज को लेकर संशय बरकरार है। जन सुनवाई में तमाम उपभोक्ताओं ने फिक्स चार्ज में बढ़ोत्तरी का भारी विरोध किया था। संभव है कि नियामक आयोग फिक्स चार्ज को लेकर उपभोक्ताओं की पीड़ा समझेगा।