देहरादून में 4 रातों में 3 बड़े दर्दनाक सड़क हादसे, 8 की मौत

By New31 Uttarakhand

देहरादून में चार रातों में तीन बड़े सड़क हादसों में अब तक 8 लोगों की जान चली गई। सोमवार देर रात इनोवा कार हादसे में 6 दोस्तों की मौत के बाद बुधवार को देर रात आशारोड़ी चेक पोस्ट पर 6 वाहन आपस में टकरा गए। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। वही गुरुवार देर रात को नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के अंतर्गत आंचल डेयरी के पास ट्रक और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। लगातार हुए हादसो के बाद डीजीपी अभिनव कुमार ने जिलों से लेकर प्रदेश स्तर के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर जरुरी दिशा निर्देश दिए हैं। डीजीपी ने कहा कि अल्मोड़ा में बस में क्षमता से अधिक सवारियों के कारण और देहरादून में इनोवा कार की ओवर स्पीडिंग के चलते गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हुईं। उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से हो रहे सड़क हादसों के बाद पुलिस महकमा सख्त हो गया है। डीजीपी ने पुलिस महकमे के आलाअधिकारियों के साथ मीटिंग कर कड़े निर्देश जारी किए हैं। जिन्हें सख्ती से पालन करने को कहा गया है।

राज्य में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए दिए गए निर्देश कुछ इस प्रकार हैं–

देर रात्रि तक चलने वाले बार-पब के लाइसेंस की जांच कर वैधानिक कार्यवाही की जाए।

सार्वजनिक स्थान पर न्यूसेन्स एवं शराब पीने/पिलाने वालों के विरुद्ध कार्यवाही की जाए।

पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और उनका नियमित रखरखाव भी सुनिश्चित किया जाए।

नशे की स्थिति में पाए जाने पर धारा 185 मोटर यान अधिनियम 1988 के अंतर्गत कार्रवाई कर वाहन को सीज किया जाए।

स्पीडोमीटर की मदद से ओवर स्पीड वाले वाहन चालकों के विरुद्ध धारा 112/183 के अंतर्गत कार्यवाही की जाए।

सवारी वाहन में क्षमता से अधिक सवारी पाए जाने पर धारा 194(1) के अंतर्गत कार्यवाही की जाए।

लापरवाही से वाहन चलाने की स्थिति में धारा 125 बीएनएस के अंतर्गत कार्यवाही की जाए।

जनहानि होने पर धारा 106(1) बीएनएस के अंतर्गत कार्यवाही की जाए।

दुर्घटना की स्थिति में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित थाना प्रभारी के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही की जाएगी।

Related News

मनोरंजन

News Letter

Your email address will not be this published. Required fields are News Today.