दो महीने पहले सोशल मीडिया पर स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणीत मोरे एक विवाद की वजह से सुर्खियों में आ गए थे। उनके शो की एक क्लिप वायरल हुई थी, जिसमें ऑडियंस का एक शख्स महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करता सुनाई दे रहा था। आरोप लगा कि प्रणीत ने उस टिप्पणी का विरोध करने के बजाय उस पर हंसकर प्रतिक्रिया दी। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी जमकर आलोचना हुई और मामला पुलिस तक भी पहुंच गया।
अब विवाद के बाद प्रणीत मोरे एक बार फिर स्टैंडअप कॉमेडी की दुनिया में लौट आए हैं। हाल ही में जॉर्जिया में हुए अपने एक शो के दौरान उन्होंने मंच से अपना दर्द और भावनाएं दर्शकों के साथ साझा कीं।
प्रणीत ने कहा कि जब वह स्टेज पर आए तो उनके मन में सबसे बड़ा सवाल यही था कि क्या लोग उन्हें पहले की तरह स्वीकार करेंगे। उन्होंने दर्शकों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि मुश्किल दौर के बाद भी लोगों ने उनका साथ दिया और यही उनके लिए सबसे बड़ी बात है।
उन्होंने बताया कि उन्होंने स्टैंडअप कॉमेडी कभी सिर्फ पैसा या प्रसिद्धि पाने के लिए शुरू नहीं की थी। नौकरी छोड़कर इस क्षेत्र में आने का कारण लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना था। उन्होंने कहा कि अगर उनकी कॉमेडी से लोगों को खुशी मिलती है, तो वही उनके लिए सबसे बड़ी सफलता है।
अपने संबोधन के दौरान प्रणीत भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि दोबारा मौका देने के लिए वह अपने दर्शकों के हमेशा आभारी रहेंगे और यह शो उन्हें जिंदगी भर याद रहेगा।
प्रणीत ने अपने कठिन समय में मां की सीख का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उनकी मां ने उनसे कहा था, “अगर तुमसे गलती हुई है और तुमने उसके लिए माफी मांग ली है, तो आगे तुम्हारा व्यवहार ही बताएगा कि तुमने अपनी गलती से क्या सीखा है। दुनिया में हर इंसान से गलती होती है।”
विवाद के बाद पहली बार मंच से खुलकर अपनी बात रखते हुए प्रणीत मोरे ने साफ किया कि वह अपनी गलतियों से सीखकर आगे बढ़ना चाहते हैं और एक बार फिर दर्शकों का भरोसा जीतने की कोशिश कर रहे हैं।