देहरादून के विकासनगर में एक बार फिर पहाड़ी सड़क पर बड़ा हादसा हो गया। कालसी थाना क्षेत्र के लालपुल के पास एक पर्यटक कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में दिल्ली, नोएडा और वाराणसी के रहने वाले पांच पर्यटक सवार थे, जो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ राहत-बचाव शुरू किया।
इसके बाद एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से खाई में उतरकर सभी पांचों घायलों को बाहर निकाला। घायलों की पहचान दिल्ली निवासी रोहन कुमार, रोहिणी निवासी अभिषेक दुबे, नोएडा निवासी अभिषेक, वाराणसी निवासी शिवानी सिंह और प्रिंस राज के रूप में हुई है। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है।