उत्तराखंड के युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। युवा निशानेबाज अभिनव देशवाल और भारतीय धावक अंकिता ध्यानी को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। खेल विभाग ने राज्य के खेल पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। दोनों खिलाड़ियों को 29 अगस्त, राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर सम्मानित किया जाएगा।
अभिनव देशवाल को वर्ष 2025 के लिए, जबकि अंकिता ध्यानी को वर्ष 2024-25 के लिए खेल रत्न पुरस्कार दिया जाएगा। दोनों खिलाड़ियों ने अपने-अपने खेल में शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड का नाम रोशन किया है।
इन खिलाड़ियों को मिलेगा हिमालय रत्न
शासन के आदेश के मुताबिक, ममता खाती, सक्षम प्रताप सिंह, पैरा निशानेबाज शौर्य सैनी और बॉक्सर खुशी चंद्र को वर्ष 2025-26 के लिए हिमालय रत्न खेल पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
ममता खाती बागेश्वर की रहने वाली हैं और मॉर्डन पेंटाथलॉन में शानदार प्रदर्शन किया है। सक्षम प्रताप सिंह काशीपुर, ऊधमसिंह नगर से हैं। रुड़की के पैरा निशानेबाज शौर्य सैनी और पिथौरागढ़ की बॉक्सर खुशी चंद्र को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए यह सम्मान दिया जाएगा।
कोचों को भी मिलेगा सम्मान
खेल पुरस्कारों में कोचों को भी शामिल किया गया है। देहरादून के धर्मावाला निवासी रोइंग कोच मुकेश शर्मा को देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं हल्द्वानी के मुकेश चंद्र बेलवाल को बॉक्सिंग के क्षेत्र में योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा वर्ष 2024-25 के लिए धावक अंकिता ध्यानी और एथलेटिक्स कोच लोकेश कुमार को भी देवभूमि उत्तराखंड द्रोणाचार्य पुरस्कार दिया जाएगा।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर होने वाला यह सम्मान समारोह उत्तराखंड के खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं के लिए खास मौका होगा।