पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड से कांप रहा है. मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार के कई हिस्सों में भीषण ठंड और घने से बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी हुई है. आपको बता दें कि अगले 2-3 दिनों तक लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा. सोमवार की रात को भी कई जगहों में कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम थी. अंबाला, हिसार, बहराइच और गया में विजिबिलिटी घटकर 50 मीटर रह गई थी.
उधर पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है. हिमाचल प्रदेश के मनाली में अटल टनल के दक्षिणी हिस्से में भारी बर्फबारी हुई है. इसके कारण मैदानी इलाकों में भी तापमान में भारी गिरावट देखी गई है.
कोहरे को लेकर IMD का अलर्ट
वही आईएमडी ने ट्विट कर जानकारी दी कि पंजाब से बिहार, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में आज घने से बहुत घना कोहरा रहेगा. इसे लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है. पूर्वानुमान के अनुसार, पंजाब, उत्तर पश्चिमी राजस्थान, जम्मू संभाग, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में भी घना कोहरा देखा गया.