उत्तराखंड में मानसून की विदाई के बाद अब पोस्ट मानसून बारिश ने मौसम का मिजाज बदलना शुरू कर दिया है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में 12 अक्टूबर तक कई इलाकों में बारिश का तेज दौर देखने को मिल सकता है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की तीव्रता अधिक रहने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंड बढ़ेगी। इसका असर मैदानी इलाकों में भी महसूस किया जा सकता है। यानी इस बार अक्टूबर में सामान्य गुलाबी ठंड के बजाय लोगों को अपेक्षाकृत ज्यादा ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
वहीं, 7 अक्टूबर को देहरादून, अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के साथ 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है। मौसम बदलने के साथ पहाड़ों में ठंड तेजी से बढ़ेगी और इसका असर धीरे-धीरे मैदानी क्षेत्रों में भी दिखाई देगा।