दिल्ली में मौसम का बड़ा पलटवार! राजधानी और NCR के लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन इसके साथ ही मौसम ने ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि हर कोई हैरान रह गया। देर रात अचानक मौसम ने करवट ली और दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम समेत कई इलाकों में तेज गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। कई जगहों पर धूल भरी आंधी चली, पेड़ गिरने और ट्रैफिक प्रभावित होने की खबरें भी सामने आईं। हालात को देखते हुए भारतीय मौसम विभाग यानी IMD ने रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में 70 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ और अनुकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण दिल्ली-NCR में अगले कुछ घंटों तक बारिश, आंधी और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है। हालांकि इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, लेकिन खराब मौसम के चलते सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, खुले स्थानों और कमजोर ढांचों से दूर रहने तथा मौसम विभाग द्वारा जारी अपडेट्स पर नजर बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल दिल्ली का मौसम राहत और आफत दोनों का मिश्रण बन गया है।